जनशक्ति वेलफेयर सोसाइटी के “Red Dot Mission” की शुरुआत, छात्राओं को मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
मालनपुर। जनशक्ति वेलफेयर सोसाइटी (JSWS) द्वारा किशोरियों एवं बालिकाओं में मासिक धर्म स्वच्छता, स्वास्थ्य और आत्मविश्वास को लेकर जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से “Red Dot Mission” अभियान प्रारंभ किया गया है।
अभियान के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मालनपुर में कक्षा 9वीं की छात्राओं के साथ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर दीपा सिंह भदौरिया ने अभियान को गति देते हुए छात्राओं से संवाद किया और मासिक धर्म के दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों, सैनिटरी उत्पादों के सुरक्षित उपयोग एवं इससे जुड़ी भ्रांतियों पर विस्तार से जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में राधा, शिवानी, राधिका, मीनाक्षी, खुशी, नंदनी, चांदनी, अंजलि, मुस्कान, शबनम, रचना, वैष्णवी, सोनम, सृष्टि, पल्लवी, सुजाता, अंजलि गुर्जर, हंतिका और अर्पिता सहित अन्य छात्राओं ने सहभागिता की।
जनशक्ति वेलफेयर सोसाइटी का उद्देश्य “Red Dot Mission” के माध्यम से किशोरियों में मासिक धर्म को लेकर होने वाली झिझक और भ्रांतियों को दूर करना, उन्हें सही एवं वैज्ञानिक जानकारी उपलब्ध कराना तथा जरूरतमंद बालिकाओं तक आवश्यक स्वच्छता उत्पाद पहुंचाना है।
सोसाइटी का प्रयास है कि यह अभियान केवल एक कार्यक्रम तक सीमित न रहे, बल्कि विभिन्न विद्यालयों और समुदायों तक पहुंचकर अधिक से अधिक बालिकाओं को जागरूक और सशक्त बनाए। आने वाले समय में “Red Dot Mission” के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रमों के साथ जरूरतमंद छात्राओं को स्वच्छता उत्पादों का वितरण भी किया जाएगा।
“स्वस्थ बेटी, जागरूक बेटी — Red Dot Mission”